OTHERS

दुर्गापूजा को लेकर बक्सर में DM-SP के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च, 346 पंडालों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बक्सर पब्लिक न्यूज:- शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के संयुक्त नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया और पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।

डीएम और एसपी ने सिपाही घाट, मठिया मोड़, ज्योति चौक, खलासी मोहल्ला, किला मैदान सहित शहर के प्रमुख पूजा स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार इस बार बक्सर जिले में कुल 346 पूजा पंडालों में दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। इसमें बक्सर अनुमंडल में 151 और डुमरांव अनुमंडल में 195 पंडाल हैं। सुरक्षा को लेकर 199 संवेदनशील स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। 33 स्थानों पर पुलिस गश्ती दल और 8 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात रहेंगी।

फ्लैग मार्च के दौरान डीएम साहिला ने पूजा समितियों को सरकारी गाइडलाइन का पालन करने, प्रवेश-निकास द्वार अलग रखने, सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगाने का निर्देश दिया। एसपी शुभम आर्य ने कहा कि हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और शहर के 19 प्रमुख स्थानों पर बैरियर और पार्किंग जोन बनाए गए हैं।

प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं। आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button