चौसा पावर प्लांटके लेबर कालोनी में इलेक्ट्रिशियन के संदिग्ध मौत जांच पड़ताल में जुटी पुलिस


बक्सर पब्लिक न्यूज़ :- बक्सर जिले के चौसा स्थित निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट की लेबर कॉलोनी में सोमवार की सुबह एक इलेक्ट्रिशियन का शव उसके कमरे से मिलने के बाद हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान अरवल जिले के इब्राहिमपुर निवासी 50 वर्षीय रामप्यारे चौधरी के रूप में हुई है. वह खुशी कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधीन पिछले तीन वर्षों से प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम कर रहे थे.
बताया जाता है कि रविवार रात रामप्यारे ने अपने साथियों के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चले गए. सोमवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो सहकर्मियों को चिंता हुई. आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा. कमरे के अंदर रामप्यारे मृत अवस्था में पड़े थे.
इसके बाद सुरक्षा गार्ड को घटना की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की. तलाशी के दौरान मृतक के दाहिने हाथ के पास कुछ दवाइयां मिलीं. इससे आशंका जताई जा रही है कि रात में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने दवा ली होगी. हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत बीमारी से हुई, दवा के सेवन से या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
अरवल से चौसा के लिए रवाना हुआ परिवार
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों को सूचना दी गई. खबर मिलने के बाद परिवारजन अरवल से चौसा के लिए रवाना हो गए. वहीं, सहकर्मियों ने बताया कि रामप्यारे अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मी थे. उनकी अचानक मौत से लेबर कॉलोनी में शोक का माहौल है।राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।


