Education

मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित

बक्सर पब्लिक न्यूज:- डुमरांव प्लस टू उच्च विद्यालय, डुमरांव में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा चित्र अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों में उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत के विकास, शिक्षा, सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।

कक्षा एक से पांच वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय लाखनडिहरा की अग्रिमा सलोनी ने प्रथम, मध्य विद्यालय प्रतापसागर की दिया केशरी ने द्वितीय तथा कन्या मध्य विद्यालय धरहरा की सुनिधी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार कक्षा छह से आठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय पुराना भोजपुर की सपना कुमारी प्रथम, मध्य विद्यालय सोवां की श्वेता शर्मा द्वितीय तथा उर्दू मध्य विद्यालय नया भोजपुर की नसरीन तृतीय स्थान पर रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में पूजा कुमारी ने प्रथम, कुमकुम कुमारी ने द्वितीय तथा कंचन कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने अपने भाषण के माध्यम से देश के प्रति जिम्मेदारी, सेवा भावना, शिक्षा के महत्व तथा समाज के विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार सहित शैलेन्द्र पांडेय, कामेश्वर नाथ मिश्रा एवं अशोक कुमार ने प्रतियोगिता की गतिविधियों का जायजा लिया और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता, आत्मविश्वास और देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होती हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे की गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयी शिक्षा के साथ बच्चों में सामाजिक सरोकार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button