OTHERS

सोमवारी के विधि व्यवस्था को लेकर जिला अधिकारी वो पुलिस कप्तान ने किया रामरेखा घाट तथा ब्रह्मपुर के स्थल निरीक्षण

बक्सर पब्लिक न्यूज:- श्रावणी माह के चौथे सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुगम आवागमन, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रात्रि में जिला बक्सर पदाधिकारी, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक, शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से रामरेखा घाट तथा बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।विधि व्यवस्था संधारण में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को श्रद्धालुओं के सुरक्षा एवं सुविधाओं के दृष्टिगत आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाट पर श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया गया।जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। घाट एवं मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित व्यवस्था का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन एवं पूजा की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, कतारबद्ध दर्शन, सुरक्षा प्रबंध तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस पदाधिकारियों को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी ने किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखने पर बल दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को तत्काल प्रभावी बनाया जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button