बाजार समिति रोड पर ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा सड़क हादसे के बाद ट्रैक्टर और स्कूटी चालक दोनों फरार


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे महज तीन सेकेंड में एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं. अर्जुनपुर गांव निवासी चंद्रबिंदु पासवान किसी परिचित की स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान ओवरटेक के क्रम में ऊबड़-खाबड़ सड़क पर स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर निकल गया. कुछ देर बाद स्कूटी चालक भी वहां से चला गया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी असंतुलित होते ही चंद्रबिंदु पासवान सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गए. हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले सब कुछ खत्म हो चुका था. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.
घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक कुछ देर रुकने के बाद वाहन लेकर निकल गया. वहीं स्कूटी चला रहा व्यक्ति भी कुछ समय बाद स्कूटी लेकर वहां से चला गया. अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर खंगाल रही है.
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उनकी पहचान अर्जुनपुर गांव निवासी चंद्रबिंदु पासवान के रूप में हुई. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बक्सर में काम करते थे और उसी सिलसिले में शहर आए थे. दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. मामले के सभी पहलुओं पर अनुसंधान जारी है.
बताया जाता है कि चंद्रबिंदु पासवान का विवाह हाल ही में हुआ था. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. नवविवाहित पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि अर्जुनपुर गांव में भी मातम पसरा हुआ है।


