रिमझिम बारिश से क्षेत्र में बढ़ी ठंड, फसलों की चिंता में डूबे किसान, बढ़ी ठिठुरन

बक्सर पब्लिक न्यूज:- चक्रवाती तूफान अनर्ब के प्रभाव से गुरुवार को केसठ प्रखंड क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। चक्रवात के असर के चलते सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा रहा और दिन भर रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। नम और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई,
जिसके साथ ही इलाके में ठंड ने जोरदार दस्तक दे दी है। अचानक बदले इस मौसम के कारण लोग दिन में ही गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।इस बेमौसम चक्रवाती बारिश ने स्थानीय किसानों की चिंताएं काफी बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल और खलिहानों में रखी कटी हुई बालियों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। किसानों का कहना है कि चक्रवात अनर्ब के चलते हो रही लगातार नमी और बूंदाबांदी से कटी फसलों के सड़ने व अंकुरित होने का भारी जोखिम पैदा हो गया है।
इसके अलावा, आगामी रबी फसलों की बुवाई के लिए तैयार किए जा रहे खेतों में नमी बढ़ने से जुताई और बुवाई का समय भी पिछड़ने की आशंका है।मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अनर्ब का असर अगले 24 से 48 घंटों तक बने रहने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ होने पर पछुआ हवाओं के जोर पकड़ते ही ठिठुरन और बढ़ जाएगी। दिन भर सूर्य के दर्शन न होने से बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही।



