OTHERS

खीरी में ई-वेस्ट संग्रह अभियान आयोजित, उर्दू प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को किया गया जागरूक

बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खीरी उर्दू प्राथमिक विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत ई-वेस्ट संग्रह अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को ई-वेस्ट प्रबंधन की जानकारी दी गई तथा चेतना सत्र में जागरूकता गतिविधियों के साथ क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि पुराने एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जैसे कीबोर्ड, माउस, चार्जर, तार तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ई-वेस्ट की श्रेणी में आते हैं।

इनका अनुचित निपटान पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए ई-वेस्ट को सामान्य कूड़े में नहीं फेंकना चाहिए, बल्कि इसे सुरक्षित रूप से एकत्रित कर अधिकृत संग्रह या पुनर्चक्रण केंद्र तक पहुँचाना चाहिए।अभियान के तहत बच्चे अपने घरों से पुराने इलेक्ट्रॉनिक कचरे लेकर विद्यालय पहुँचे। एकत्रित ई-वेस्ट को विद्यालय में रखी गई काली बाल्टी में जमा किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को ई-वेस्ट के पृथक्करण, संग्रह एवं सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को स्वयं खोलने या तोड़ने से बचने की सलाह दी गई।

चेतना सत्र में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के ज्ञान को परखा गया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक धनंजय, वरीय शिक्षक सौलत महमूद खान तथा अन्य शिक्षक मोहम्मद जमशेद आलम, शमशाद आलम, जावेद खान एवं गौरव यदुवंशी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ई-वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन की आदत विकसित करना तथा स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button