20 अक्टूबर को किला मैदान में दोपहर 2 बजे से होगा भव्य रावण वध
45 फीट के रावण एवं 40 फीट के मेघनाद के पुतलों का होगा दहन, कलात्मक आतिशबाजी के साथ कोल्ड फायर एवं स्मोक फायर का दिखेगा अद्भुत नजारा।

बक्सर पब्लिक न्यूज:- श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में ऐतिहासिक किला मैदान स्थित विशाल रामलीला मंच पर आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के अंतर्गत आगामी 20 अक्टूबर को भव्य रावण वध कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
समिति के सचिव बैकुण्ठनाथ शर्मा एवं संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर बताया कि इस वर्ष 45 फीट ऊंचे रावण एवं 40 फीट ऊंचे मेघनाद के विशालकाय पुतलों का दहन कलात्मक आतिशबाजी, कोल्ड फायर एवं स्मोक फायर के अद्भुत नजारे के बीच किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
उन्होंने बताया कि पुतलों का निर्माण मिश्रवलिया निवासी जितेन्द्र शर्मा द्वारा किया जा रहा है, जबकि आकर्षक आतिशबाजी की जिम्मेदारी सिमरी के प्रसिद्ध आतिशबाज कैमुद्दीन जी निभाएंगे।विदित हो कि बक्सर के ऐतिहासिक रावण वध कार्यक्रम को देखने उत्तर प्रदेश सहित सीमावर्ती क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए समिति ने लोगों से समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
समिति के संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि रावण वध के बाद भी महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहेंगे। 21 अक्टूबर को दिन में कृष्णलीला एवं रात्रि में रामलीला, जबकि 22 अक्टूबर को दिन में कृष्णलीला तथा रात्रि 10 बजे से नगर के यमुना चौक पर भव्य भरत मिलाप का आयोजन होगा। भरत मिलाप के दौरान विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं एवं दुर्गा पूजा पंडालों से जुड़ी समितियों द्वारा आकर्षक लाग एवं झांकियां निकाली जाएंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को नगर के श्रीचन्द्र मंदिर में रात्रि में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ महोत्सव का समापन होगा।
समिति ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विजयादशमी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



