CRIME

पैंगोलिन तस्करी में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोनी के शिक्षक गिरफ्तार, शिक्षा विभाग ने शुरू की निलंबन की कार्रवाई

बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड के खिरी पंचायत के सोनी गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार को पैंगोलिन तस्करी के मामले में वन विभाग ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वन विभाग से रिपोर्ट मिलते ही राजपुर शिक्षा विभाग ने भी उनके निलंबन के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्र भेज दिया है।

विदित हो कि विगत 30 सितंबर को कैमूर पहाड़ के जंगलों में पैंगोलिन तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया था। इस दौरान जंगल की पहाड़ी के पास से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें राजपुर थाना क्षेत्र के नागपुर गांव निवासी संजय कुमार पिता हरिद्वार पासवान भी शामिल थे।

गहन जांच के बाद वन विभाग को पता चला कि वह एक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जिसकी सूचना पत्र के माध्यम से जिले के वरीय पदाधिकारियों को दी गई। इधर, विगत दो सप्ताह से शिक्षक के स्कूल नहीं आने से ग्रामीणों में भी चर्चा का विषय बना हुआ था।

वन विभाग के अधिकारियों ने खुलासा करते हुए बताया कि डब्ल्यूसीसीबी (WCCB) एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 10 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क के साथ इन्हें गिरफ्तार किया गया। इनके साथ रोहतास जिला के नोखा थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी रामदेव सिंह के पुत्र सुमित सिंह और कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र के हड़री गांव निवासी निवास पासवान के पुत्र विमल पासवान भी गिरफ्तार किए गए हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि संजय कुमार एक शिक्षक हैं और वह तस्करी जैसे गंभीर मामले में लिप्त पाए गए हैं।

डीपीओ माध्यमिक सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि वन विभाग से पत्र मिलते ही आवश्यक जांच के बाद शिक्षक संजय कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हेतु विभाग को लिखित पत्र भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button