OTHERS

बक्सर में आत्मा द्वारा रबी प्रशिक्षण सह कर्मशाला का आयोजन, डीएम ने किया उद्घाटन

बक्सर पब्लिक न्यूज:- संयुक्त कृषि भवन के प्रांगण में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कर्मशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यशाला में उपस्थित प्रसार कर्मियों एवं प्रगतिशील किसानों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं महत्वाकांक्षी हैं। इन योजनाओं को समय पर किसानों तक पहुंचाने और धरातल पर उतारने के लिए ऐसी कार्यशाला अति महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रसार कर्मी किसान और विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसानों को कृषि उद्यमी के रूप में परिवर्तित करना, कृषि में नई तकनीक, पारंपरिक खेती से हटकर ड्रैगन फ्रूट, टमाटर, प्याज, आलू इत्यादि नकदी फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित करना तथा बाहर के प्रदेशों में अत्याधुनिक तकनीक सीखने हेतु किसानों का चयन कर भेजना जैसे नवोन्मेषी कार्य आपकी जवाबदेही होनी चाहिए, ताकि जिले के किसानों की आय में वृद्धि के साथ उनके जीवन स्तर को खुशहाल किया जा सके।

कार्यशाला में केवीके के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रमुख डॉ. देवकरण एवं वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय डुमरांव के प्राचार्य द्वारा रबी मौसम में उगाई जाने वाली फसल एवं प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

वहीं डीडीएम नाबार्ड आनंदवर्धन, उप परियोजना निदेशक आत्मा रणधीर कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण चंदन कुमार, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण सुश्री संस्कृति बी मौर्या, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button