धनसोई बाजार में ज्वेलरी दुकानदार की संदिग्ध मौत, मकान से दुर्गंध आने पर खुला राज

बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर इटाढ़ी-राजपुर मुख्य मार्ग स्थित धनसोई बाजार में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान से दुर्गंध आने पर पुलिस ने अंदर से ज्वेलरी व्यवसायी का सड़ा-गला शव बरामद किया।मृतक कि पहचान धनसोई बाजार में दुर्गा ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाने वाले व्यवसायी खोचरिया गांव निवासी संतोष सेठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले 3-4 दिनों से उनकी दुकान नहीं खुल रही थी। गुरुवार को मकान की छत से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना धनसोई थाना को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली तो छत के गलियारे में औंधे मुंह शव पड़ा मिला। शव 2-3 दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था।घटना की खबर फैलते ही धनसोई बाजार में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।
धनसोई थानाध्यक्ष बिकास कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।इधर, व्यवसायी की संदिग्ध मौत से बाजार के दुकानदारों में शोक की लहर है।



