CRIME

वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर जांच के दौरान 10.50 लाख रुपये के शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार , वाहन जप्त

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने रविवार की देर रात वाहन जांच के दौरान शराब की बड़ी खेप पकड़ी। टीम ने संदिग्ध बोलेरो मैक्स पिकअप (यूपी 60सीटी 6976) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन के अंदर शराब की 100 पेटियां मिलीं। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि बरामद शराब 8 पीएम स्पेशल टेट्रा पैक व्हिस्की है। प्रत्येक पैक 180 एमएल का है। एक पेटी में 48 पैक थे। इस तरह कुल 4800 पैक बरामद किए गए। शराब की कुल मात्रा 864 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान शराब के पैकेट पर ‘फॉर सेल इन यूपी ऑनली’ लिखा मिला।

इससे स्पष्ट है कि शराब उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए थी। इसे बिहार में खपाने के लिए लाया जा रहा था।मामले में उत्पाद पुलिस ने वाहन चालक श्रवण कुमार, पिता राजेश राम, ग्राम मिठनापुर नवादा, थाना गरवार, जिला बलिया को गिरफ्तार कर लिया। शराब ढोने में इस्तेमाल पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र में शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन जांच और निगरानी की जा रही है। शराब की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button