गांधी जयंती पर बक्सर के दो कारागार से सात बुजुर्ग बंदियों को मिली आजादी,73 से 93 वर्ष तक के कैदी रिहा

बक्सर पब्लिक न्यूज:- गांधी जयंती के अवसर पर बक्सर के दो कारागा से सात बंदियों को रिहाई मिल गई। राज्य सरकार के विशेष राहत निर्णय के बाद केंद्रीय कारा और मुक्त कारागार में सजा काट रहे सात दोषसिद्ध बंदियों को शुक्रवार को कारामुक्त कर दिया गया। रिहा होने वाले सभी बंदी 73 से 93 वर्ष तक की आयु के बुजुर्ग हैं, जिन्होंने अपनी सजा का अधिकांश हिस्सा पूरा कर लिया था।जेल प्रशासन के अनुसार, जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा के बाद राज्य स्तरीय समिति ने इन बंदियों की शेष सजा समाप्त करने का निर्णय लिया था। गांधी जयंती जैसे पावन अवसर पर इस निर्णय को अमल में लाते हुए सभी सातों बंदियों को विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर जेल से बाहर कर दिया गया।
केंद्रीय कारा से चार बंदी रिहा
केंद्रीय कारा बक्सर से चार बंदियों को रिहाई मिली है। इनमें सासाराम निवासी हरिवंश राम (84 वर्ष), रामवृक्ष कोईरी (93 वर्ष), रामाश्रय कोईरी (80 वर्ष) और सत्यनारायण राम (83 वर्ष) शामिल हैं।
मुक्त कारागार से तीन को मिली आजादी
वहीं, बक्सर के मुक्त कारागार से तीन बंदियों को आजादी मिली। इनमें पटना जिले के विश्वनाथ यादव (73 वर्ष), पश्चिम चंपारण जिले के हंसराज राम (81 वर्ष) और सहरसा जिले के बलराम सिंह (78 वर्ष) शामिल हैं।
केंद्रीय कारा प्रशासन के अनुसार, महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर अहिंसा और मानवता के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए विशेष राहत के तहत इन वृद्ध बंदियों को रिहाई का लाभ दिया गया है। रिहाई के समय सभी बंदी भावुक दिखे और उन्होंने सरकार व जेल प्रशासन का आभार जताया।



