CRIME

भरखरा में कृषि ट्रांसफार्मर को चोरों ने किया चोरी, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला अंतर्गत राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार से अज्ञात चोरों ने एक कृषि ट्रांसफॉर्मर चुरा लिया. घटना की जानकारी बुधवार की सुबह तब हुई जब किसान खेत की ओर टहलने गए. ट्रांसफॉर्मर गायब देख किसान हैरत में पड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में किसानों की भीड़ जुट गई।​मिली जानकारी के अनुसार, खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण किसानों ने मोटर चलाना बंद कर रखा था.मंगलवार की शाम किसान खेत देखकर अपने-अपने घर लौट गए थे. देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर गिरोह ने राधेश्याम पांडेय के खेत के पास लगे ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारा और उसमें से तांबा तथा अन्य कीमती सामान निकालकर बाकी पार्ट्स को खेत में इधर-उधर फेंक दिया।

​किसानों ने बताया कि सरकार की ‘हर खेत तक बिजली’ योजना के तहत यह ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था, जिसकी मदद से समय पर धान की रोपाई और सिंचाई हो सकी थी. अब ट्रांसफॉर्मर चोरी हो जाने से खेतों का पानी सूखते ही सिंचाई का संकट खड़ा हो जाएगा. घटना से आक्रोशित किसान शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल, जय प्रकाश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने तीव्र विरोध जताया.किसानों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी चोरों ने बिजली के खंभों से तार की चोरी की थी, जिसका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा सकी है.अब ट्रांसफॉर्मर चोरी की इस घटना ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है.घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. घटना के बाद धनसोई और राजपुर थाना पुलिस अलर्ट मोड में है. दोनों सीमावर्ती क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button