CRIME

सर्पदंश से मजदूर के मौत,झाड़-फूंक के चक्कर में अस्पताल पहुंचने में हुई देरी

बक्सर पब्लिक न्यूज :- बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव में बुधवार को सर्पदंश से 45 वर्षीय मजदूर कृष्णा राजभर की मौत हो गई। मृतक गांव निवासी विश्वनाथ राजभर का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, रात में सोने के दौरान करैत सांप ने उसे गर्दन के पास डंस लिया। समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन पहले झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ गए। हालत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि कृष्णा रोज की तरह मजदूरी कर घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह सो गया। आधी रात के करीब गर्दन के पास कुछ काटने का एहसास होने पर उसकी नींद खुली। कमरे की बत्ती जलाने पर बेड पर सांप दिखाई दिया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी हुई, लेकिन पहले झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया गया। परिजन उसे उत्तर प्रदेश के गहमर ले गए। वहां से लौटने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई।

गंभीर स्थिति में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे प्रताप सागर अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजन शव को झाड़-फूंक के लिए कुछ स्थानों पर लेकर गए।

बुधवार शाम शव लेकर परिजन गांव पहुंचे तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार, कृष्णा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 12 और 8 वर्ष है। सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस गांव पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button