इटाढ़ी गुमटी पर रेल रोको आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए कांग्रेस जिलाध्यक्ष,पुलिस कार्रवाई पर भड़के पूर्व विधायक मुना तिवारी


बक्सर पब्लिक न्यूज :- बक्सर के इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को दोबारा खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को हुए रेल रोको आंदोलन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जैसे ही वे समर्थकों के साथ रेल चक्का जाम में शामिल होने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें मौके से हिरासत में लेकर बस में बैठाया और नगर थाना ले गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
पंकज उपाध्याय की हिरासत के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रशासन को चेतावनी देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। वहीं जिला कांग्रेस के प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने भी पुलिस प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
हिरासत में लिए जाने से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि एनडीए और भाजपा सरकार में आम लोगों को पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भ्रष्टाचार के कारण 26 करोड़ रुपये की लागत वाला आरओबी ध्वस्त हो गया और दूसरी ओर इटाढ़ी रेलवे फाटक बंद कर लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और रेलवे क्रॉसिंग नहीं खुलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आंदोलनकारियों ने हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर करीब 25 मिनट तक रेल चक्का जाम किया, जिससे रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वार्ता और समझाइश के बाद आंदोलनकारियों ने ट्रैक खाली किया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो गया।
मगध एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें प्रभावित
रेलवे परिचालन निरीक्षक विंध्याचल पांडे ने बताया कि आंदोलन के कारण करीब 25 मिनट तक ट्रैक बाधित रहा। इसका असर मगध एक्सप्रेस, एक पैसेंजर ट्रेन और डाउन दिशा की एक अन्य ट्रेन पर पड़ा। दोपहर 12:10 बजे आंदोलनकारियों से बातचीत के बाद ट्रैक खाली करा लिया गया।
प्रशासन बोला- बातचीत से निकलेगा समाधान
रेल एएसपी भास्कर रंजन ने कहा कि आंदोलनकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है और उनकी मांगों के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडे ने बताया कि रेल रोको आंदोलन की पूर्व सूचना प्रशासन को पहले से थी, इसलिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। समझाइश के बाद स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई।
जनसमस्या का मुद्दा बना इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने और आरओबी चालू नहीं होने से हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक रेलवे क्रॉसिंग नहीं खोली जाएगी, आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस नेता हरिशंकर त्रिवेदी उर्फ गोपाल त्रिवेदी ने कहा कि रेलवे लाइन के दोनों ओर बड़ी आबादी रहती है और अधिकांश स्कूल-कॉलेज दूसरी तरफ होने से सबसे अधिक परेशानी छात्रों को हो रही है। वहीं प्रदर्शनकारी सुरेश आजाद और जितेंद्र कुमार ने कहा कि 13 जुलाई से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई, जिसके कारण रेल रोको आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे क्रॉसिंग खुलने तक आंदोलन जारी रहेगा।



