बक्सर में भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने किया नामांकन, मौजूद थे पूर्व और वर्तमान उपमुख्यमंत्री

बक्सर पब्लिक न्यूज़:- बक्सर लोकसभा से एनडीए (भाजपा) प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को नॉमिनेशन कर दिया।उनके नॉमिनेशन में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं वर्तमान सरकार में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा पूर्व परिवहन मंत्री संतोष निराला भी पहुंचे हुए थे। नॉमिनेशन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मिथिलेश तिवारी ने कहा कि देश राजकुमारों से परेशान है।
एक राजकुमार देश में हैं जिनका नाम राहुल गांधी है।दूसरे राजकुमार बिहार में हैं जिनका नाम तेजस्वी यादव हैं। और तीसरे राजकुमार बक्सर से राजद के टिकठ पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता को टिकट दिया है। ना कि किसी राजा के बेटे को। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह को मैदान छोड़कर भाग जाना चाहिए क्योंकि जमानत जब्त होने से तो अच्छा यही होगा।
उन्होंने राजद के चुनाव चिन्ह लालटेन पर भी निशाना साधा और कहा कि अब केरोसिन आसानी से नहीं मिलता ऐसे में लालटेन का कोई महत्व ही नहीं है।अब के समय में यदि कोई लालटेन लेकर घूमता है तो लोग उसे पागल समझेंगे। उन्होंने कहा कि राजद की हमेशा से यही नियति रही है कि लाठी में तेल पिलाएंगे और लाठी भाजेंगे। लेकिन जनता अब इसे स्वीकार नहीं कर रही है। जनता मोदी के साथ विकास के रास्ते को चुनेगी।
इसके पूर्व नॉमिनेशन को लेकर शोभायात्रा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के आवास से निकली और नगर भ्रमण करते हुए अंबेडकर चौक और फिर नॉमिनेशन के बाद आइटीआई मैदान में पहुंचे।जहां जनसभा का आयोजन हुआ जिसमें प्रत्याशी के साथ-साथ पूर्व तथा वर्तमान उपमुख्यमंत्रियों ने जनता को संबोधित किया और एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मौके पर सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद थे।