OTHERS

बक्सर में लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, फिर सताने लगा बाढ़ का संकट

बक्सर पब्लिक न्यूज:- जिले पर एक बार फिर बाढ़ का संकट गहराने लगा है। उत्तराखंड और झारखंड सहित पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं का सीधा असर अब गंगा नदी के जलस्तर पर दिखने लगा है। पिछले दो दिनों से गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोग अलर्ट हो गए हैं।केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 59.89 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि शाम 5 बजे तक यह बढ़कर 60.07 मीटर तक पहुंच गया। यानी दिनभर में लगभग 18 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई।

         यह जलस्तर चेतावनी निशान (59.32 मीटर) से 75 सेंटीमीटर ऊपर और खतरे के निशान (60.32 मीटर) से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है। जानकारों का कहना है कि अगर जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो गंगा जल्द ही डेंजर लेवल को पार कर जाएगी। गंगा का पानी दियारा क्षेत्र और निचले इलाकों में तेजी से फैलने लगा है। बक्सर शहर के रामरेखा घाट से लेकर सारिमपुर तक निचले हिस्से पानी में डूबने लगे हैं। रामरेखा घाट की सभी सीढ़ियां जलमग्न हो चुकी हैं। इतना ही नहीं, शहर के नया और पुराना विवाह मंडप में भी बाढ़ का पानी फिर से घुस गया है। गंगा तटवर्ती गांवों के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं। ग्रामीण परिवार अपने मवेशी और जरूरी सामानों के साथ ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं।

           गंगा में बढ़ते दबाव का असर सहायक नदियों पर भी पड़ रहा है। ठोरा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटका नुआंव पंचायत के कई गांवों कोड़रवा, लरई, गोविंदपुर, पुलिया, मिल्कियां और हरिपुर में पानी फैलने लगा है।
कृतपुरा-गोविंदपुर मार्ग पर भी ठोरा नदी का पानी चढ़ने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। हर साल आने वाली बाढ़ से हुए भारी नुकसान को देखते हुए लोग पहले से ही सजग हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं। प्रशासन की ओर से भी हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने बक्सर, चौसा, सिमरी, चक्की और ब्रह्मपुर प्रखंड के निचले हिस्सों को विशेष रूप से संवेदनशील घोषित किया है। इन क्षेत्रों में बाढ़ का सबसे अधिक असर पड़ता है और फसल, घर-मकान तथा पशुधन को भारी क्षति होती है।

 

      रामाशीष पांडे कि रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button