राजपुर में पूर्व सैनिकों को मिला कार्यालय संचालन के लिए कमरा,संगठन द्वारा बीडीओ को किया गया सम्मानित


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट के बैनर तले सेवानिवृत्त सैनिकों द्वारा बीडीओ मनोज कुमार को सम्मानित किया गया. महीनों से की जा रही मांग के बाद बीडीओ द्वारा संगठन को कार्यालय संचालन के लिए एक कमरा आवंटित कर दिया गया है. इसी खुशी में पूर्व सैनिकों ने उन्हें धन्यवाद देते हुए सम्मानित किया.कार्यालय मिलने से क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है.अब सैनिकों को अपने छोटे-बड़े कामों, समस्याओं के निवारण या कागजी प्रक्रिया के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रखंड कार्यालय में ही समय पर उनके सभी कार्य निष्पादित किए जाएंगे.पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में कहा कि वे सरकार और स्थानीय प्रशासन के हर कार्य में भरपूर सहयोग करेंगे. जब भी प्रखंड प्रशासन को सेना के इन जवानों की आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे. आईईएसएम के सदस्यों ने क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों को जागरूक करते हुए इस पहल से जुड़ने की अपील की.इस दौरान आईईएसएम के जिलाध्यक्ष हरेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे, सुरेंद्र सिंह, काशीनाथ उपाध्याय, चंद्रजीत सिंह, हाकिम प्रसाद, सीताराम साह, संगीता देवी, सुदेशर शर्मा, सोमनाथ शर्मा, कामेश्वर सिंह और ललन सिंह सहित कई अन्य सेवानिवृत्त सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



